News18 Diamond States Summit Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ सरकार अब ‘आर-पार’ की लड़ाई के मूड में है. न्यूज 18 इंडिया के डायमंड स्टेट कार्यक्रम में सीएम साय ने जहां पीएम मोदी की ऊर्जा बचाने वाली अपील का समर्थन किया, वहीं नक्सलवाद, विकास, पर्यटन और छत्तीसगढ़ के भविष्य को लेकर भी खुलकर बात की. सीएम साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा संकट का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत भी इससे अछूता नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम करनी शुरू कर दी है और धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की तरफ बढ़ने की तैयारी हो रही है. लेकिन बातचीत का सबसे बड़ा और चर्चित हिस्सा रहा नक्सलवाद पर उनका बयान. सीएम साय ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ अब तेजी से नक्सलवाद मुक्त हो रहा है और इसके पीछे ‘डबल इंजन सरकार’ की रणनीति काम कर रही है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा था और उसी दिशा में लगातार काम हुआ. सीएम ने कहा कि सरकार ने सिर्फ सख्ती ही नहीं दिखाई बल्कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास पर भी फोकस किया. किसी को इलेक्ट्रिशियन की ट्रेनिंग दी जा रही है, किसी को प्लंबर बनने का मौका मिल रहा है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें. उन्होंने यह भी कहा कि अब बस्तर का माहौल पूरी तरह बदल चुका है. ‘अब वो समय नहीं रहा कि छत्तीसगढ़ आते ही गोलीबारी की आवाज सुनाई दे,’ सीएम साय ने कहा. उनका दावा है कि अब लोग रात में भी बिना डर सफर कर सकते हैं और आने वाले समय में बस्तर को बड़े टूरिज्म हब के तौर पर विकसित किया जाएगा. सीएम ने सरकार की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, किसानों को बोनस और रामलला दर्शन योजना का भी जिक्र किया और दावा किया कि ‘मोदी की गारंटी’ के ज्यादातर वादे कम समय में पूरे कर दिए गए हैं.
जंगल, नक्सलवाद और विकास… आखिर क्या है नया है प्लान? CM विष्णु देव साय ने कह दी बड़ी बात
